बसेड़ी खादर ईदगाह में शांतिपूर्ण ढंग से अदा हुई ईद-उल-अजहा की नमाज

बसेड़ी खादर ईदगाह में शांतिपूर्ण ढंग से अदा हुई ईद-उल-अजहा की नमाज

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी खादर ईदगाह सहित आसपास के तमाम क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा का पर्व श्रद्धा, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मुस्लिम समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से ईद की नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।

ईदगाह में नमाज अदा कराने वाले इमाम हाफिज मुकीम अहमद ने अपने बयान में लोगों से त्योहार को शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है, इसलिए किसी भी प्रकार का फसाद या विवाद नहीं होना चाहिए।

उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करते हुए त्योहार मनाने की बात कही। इमाम ने कहा कि अगर देश में अमन-चैन और भाईचारा बना रहेगा तो भारत लगातार तरक्की करता रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाना चाहिए जिससे किसी दूसरे व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचे।

हाफिज शमशाद अहमद ने भी सभी क्षेत्रवासियों और देशवासियों को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को मिलजुल कर रहना चाहिए और अपने मुल्क की खुशहाली व तरक्की के लिए दुआ करनी चाहिए। उन्होंने समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कुर्बानी के जानवरों को सही तरीके और निर्धारित स्थान तक ले जाने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही ऐसा कोई काम न किया जाए जिससे किसी को परेशानी या दिक्कत का सामना करना पड़े।

हाफिज शमशाद अहमद ने पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस हर समय लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सभी को सराहना करनी चाहिए और प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।

ईद-उल-अजहा के मौके पर पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने पर लोगों ने संतोष व्यक्त किया।