रुड़की में मतदाता सूची अपडेट करने के लिए विशेष अभियान शुरू

रुड़की में मतदाता सूची अपडेट करने के लिए विशेष अभियान शुरू

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की में मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट करने के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद शेठ ने तहसील परिसर स्थित कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 29 मई से शुरू होकर 15 सितंबर तक चलेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची का सत्यापन कर उसे पूरी तरह सही और अपडेट बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और गलत नामों की पहचान की जा सके।

जॉइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि यह एक सामान्य लेकिन बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें सभी मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन द्वारा विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।

उन्होंने बताया कि अभियान को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में कर्मचारियों और बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे प्रक्रिया को सही तरीके से पूरा कर सकें।

दूसरे चरण में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। जरूरत पड़ने पर पात्र लोगों से फॉर्म संख्या 6 और 8 भरवाकर जमा कराए जाएंगे, जिससे नए नाम जोड़े जा सकें और त्रुटियों में सुधार किया जा सके।

तीसरे चरण में नोटिस जारी करने और सुनवाई की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सरकारी कर्मचारियों और बीएलओ की निगरानी में संपन्न कराई जाएगी।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सत्यापन अभियान के दौरान सहयोग करें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाया जा सके।