

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट


लक्सर तहसील में नाजिर के पद पर तैनात खुशाल सिंह रावत द्वारा पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब इस पूरे विवाद को लेकर मंगलवार को अहम वार्ता होने जा रही है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


मामले में मयूर दीक्षित के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ है। जिलाधिकारी के निर्देश पर लक्सर एसडीएम ने पत्रकारों के साथ बातचीत की पहल की है, ताकि विवाद का समाधान निकाला जा सके।


जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 11 बजे लक्सर तहसील परिसर में प्रशासन और पत्रकारों के बीच महत्वपूर्ण वार्ता आयोजित की जाएगी। इस बैठक को विवाद के समाधान की दिशा में निर्णायक माना जा रहा है।

पत्रकारों के समर्थन में बार एसोसिएशन के अधिवक्ता, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहेंगे। इससे मामले को व्यापक सामाजिक समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि पत्रकार संगठनों ने इस मामले को लेकर 29 मई से बड़े आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया था। पत्रकारों का आरोप है कि तहसील प्रशासन के कर्मचारी द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे पत्रकारों में भारी नाराजगी है।

इस विवाद के बाद कई किसान संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य संगठनों ने भी पत्रकारों को समर्थन देने की घोषणा की है। विभिन्न संगठनों ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई है।


सूत्रों के अनुसार प्रशासन वार्ता के जरिए मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास कर रहा है, ताकि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न न हो और दोनों पक्षों के बीच सहमति बन सके।
अब सभी की निगाहें मंगलवार को होने वाली इस अहम वार्ता पर टिकी हैं। यदि बातचीत सफल नहीं होती है, तो पत्रकार संगठन अपने पूर्व घोषित आंदोलन को आगे बढ़ा सकते हैं।

