

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


हरीश रावत रुड़की पहुंचे, जहां उन्होंने बढ़ती महंगाई के विरोध में निकाली गई “झोटा-बुग्गी यात्रा” में हिस्सा लिया। यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, बेरोजगारी और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर विरोध जताया गया।


यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झोटा-बुग्गी के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और कांग्रेस समर्थक इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।


पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हर घर महंगाई की मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।


उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को बचत करने की सलाह दे रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि आम आदमी दो वक्त की जरूरतें पूरी करने के लिए संघर्ष कर रहा है। इसी संदेश को जनता तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने प्रतीकात्मक रूप से “झोटा-बुग्गी यात्रा” निकाली है।

इस दौरान कांग्रेस नेता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें चरम पर पहुंच चुकी हैं। महंगाई के कारण खाद्य पदार्थों से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक हर चीज महंगी हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को सुनने के बजाय लोगों के “हाथ में कटोरा देने” का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और युवाओं का भविष्य संकट में है।


प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई कम करने की मांग उठाई। साथ ही नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए गए।
यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

