गंगा दशहरा पर हादसा, गंगा में डूबा दिल्ली का युवक

गंगा दशहरा पर हादसा, गंगा में डूबा दिल्ली का युवक

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

गंगा दशहरा पर्व पर ऋषिकेश के गंगा घाटों में स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना मुनि की रेती क्षेत्र के लक्ष्मण झूला तपोवन स्थित सच्चा धाम घाट पर दिल्ली से घूमने आए एक युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न घाटों पर SDRF, जल पुलिस, 40वीं वाहिनी पीएसी सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां तैनात थीं और लगातार निगरानी कर रही थीं।

जानकारी के अनुसार दिल्ली से छह युवकों का एक ग्रुप ऋषिकेश घूमने आया था। सभी युवक सच्चा धाम घाट पर गंगा स्नान कर रहे थे। इस दौरान जल पुलिस और SDRF के जवान श्रद्धालुओं को लगातार चेतावनी दे रहे थे कि तेज बहाव और गहरे पानी में न जाएं तथा तैरने का प्रयास न करें।

इसके बावजूद समूह का एक युवक गंगा के गहरे पानी में तैरने लगा। अचानक वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते गंगा में डूब गया। युवक के डूबते ही उसके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।

सूचना मिलते ही SDRF की डीप डाइविंग टीम ढालवाला घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। SDRF के डीप डाइवर अनूप सिंह रावत ने स्कूबा डाइविंग के माध्यम से युवक की तलाश शुरू की।

करीब 10 से 15 फीट गहराई में युवक को खोज निकाला गया और बाहर लाया गया। SDRF जवानों ने युवक को तत्काल CPR देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद युवक को होश नहीं आ सका।

मृतक युवक की पहचान चंदन यादव पुत्र राम अवतार, उम्र 21 वर्ष, निवासी सेक्टर-63 जितेंद्र कॉलोनी नोएडा उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। घटना के बाद युवक के साथ आए दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और चेतावनियों को नजरअंदाज न करें, क्योंकि तेज बहाव और गहरा पानी कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।