पिंडर नदी में नहाते वक्त किशोरी डूबी, अस्पताल में मौत

पिंडर नदी में नहाते वक्त किशोरी डूबी, अस्पताल में मौत

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

कर्णप्रयाग क्षेत्र में पिंडर नदी में नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाते समय एक किशोरी का पैर फिसल गया, जिससे वह तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग के कोतवाल विनोद थपलियाल पुलिस बल के साथ मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस ने तत्काल डीडीआरएफ और स्थानीय युवाओं की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी को नदी से बाहर निकाला। उस समय वह बेहोशी की हालत में थी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतका की पहचान 15 वर्षीय अमृता पुत्री मनोज कुमार, निवासी कर्णप्रयाग गांधीनगर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिंडर नदी में इन दिनों पानी का बहाव काफी तेज है, बावजूद इसके लोग सावधानी नहीं बरत रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी और खतरनाक जलस्रोतों के पास अत्यधिक सावधानी बरतें और बच्चों को अकेले न जाने दें।

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जानकारी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।