ऋषिकेश मारपीट कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश मारपीट कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के काले की ढाल में हरियाणा से आए पर्यटकों के साथ मारपीट और वाहन तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कई आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।

जानकारी के अनुसार बीते 20 मई को ऋषिकेश क्षेत्र के काले की ढाल में बाहरी राज्य से घूमने आए पर्यटकों के साथ मारपीट और वाहन क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना सामने आई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला काफी चर्चाओं में आ गया था।

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश शुरू की।

इससे पहले पुलिस अशोक थापा और नरेश कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी ट्रांजिट कैंप के पीछे डग रोड क्षेत्र में मौजूद हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने भी भीड़ के साथ मिलकर पर्यटकों के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ की थी।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अलग-अलग स्थानों पर छिपते फिर रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित पुत्र ओमपाल निवासी कृष्णानगर कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश तथा अर्जुन भारती पुत्र रामकिशोर भारती निवासी कृष्णानगर कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं घटना में शामिल अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक निखिलेश सिंह बिष्ट, कांस्टेबल तेजपाल, चालक कांस्टेबल जयवीर, कांस्टेबल सोहन सिंह और कांस्टेबल हिमांशु कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।