

स्थान : किच्छा
रिपोर्ट : राजू सहगल


उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत उधम सिंह नगर पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलभट्टा थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है।


पुलभट्टा थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। पुलिस की सक्रियता के चलते नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।


चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से 350 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद हुईं।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान किच्छा कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 निवासी शाने आलम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशीली दवाओं की तस्करी में संलिप्त था और क्षेत्र में सप्लाई करने की तैयारी में था।
पुलिस ने आरोपी के पास से नशा बेचकर अर्जित किए गए 3 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है।
उधम सिंह नगर पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे के कारोबार की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

