

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


जिला खनन न्यास समिति की बैठक जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई, जिसमें जनहित से जुड़े विभिन्न विकास प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई।


बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, फसल सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि खनन न्यास की धनराशि का उपयोग सीधे आम जनता के लाभ के लिए किया जाना चाहिए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा सके।


बैठक में चौखुटिया अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को संचालित करने हेतु आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए धन आवंटन को मंजूरी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सामग्री शीघ्र खरीदी जाए ताकि ओटी का संचालन जल्द शुरू हो सके और स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

इसके अलावा बल्टा गांव में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही अन्य कई आवश्यक जनहितकारी कार्यों को भी मंजूरी दी गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत कार्यों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें और विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए, ताकि खनन न्यास की धनराशि का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंच सके।


बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला खनन अधिकारी चित्रा जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

