अटल उत्कृष्ट और पीएम श्री स्कूल की बदहाल व्यवस्था, गर्मी में पानी के लिए भटक रहे छात्र

अटल उत्कृष्ट और पीएम श्री स्कूल की बदहाल व्यवस्था, गर्मी में पानी के लिए भटक रहे छात्र

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट

कालाढूंगी का राजकीय इंटर कॉलेज भले ही अटल उत्कृष्ट और पीएम श्री विद्यालय जैसे नामों से नवाजा गया हो, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी बदहाल नजर आ रही है। विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी से छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भीषण गर्मी के बीच स्कूल में पढ़ने वाले 400 से अधिक छात्र-छात्राओं को ठंडे पानी तक की सुविधा नहीं मिल पा रही है। बच्चों को मजबूरी में छत पर धूप में रखी टंकियों का गर्म पानी पीना पड़ रहा है या फिर पानी के लिए थाना और तहसील तक जाना पड़ता है।

विद्यालय परिसर में दो वॉटर कूलर लगे हुए हैं, लेकिन दोनों लंबे समय से खराब पड़े हैं। आरोप है कि विद्यालय प्रशासन इनकी मरम्मत कराने को लेकर गंभीर नहीं है।

इस मामले में प्रधानाचार्य का कहना है कि वॉटर कूलर बच्चों द्वारा तोड़ दिए गए हैं और उन्हें बार-बार ठीक कराना संभव नहीं हो पा रहा है। हालांकि अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने इस तर्क पर नाराजगी जताई है।

विद्यालय में शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था न होने से भी छात्र परेशान हैं। कई छात्रों का कहना है कि शौच के लिए उन्हें स्कूल परिसर छोड़कर बाहर जंगल की ओर जाना पड़ता है।

इसके अलावा अधिकांश कक्षाओं में लगे पंखे भी खराब पड़े हैं, जिससे उमस और गर्मी के बीच पढ़ाई करना मुश्किल हो रहा है। छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग की है।

विद्यालय प्रशासन पर यह आरोप भी लग रहे हैं कि स्कूल समय के दौरान कई छात्र बाजारों में घूमते नजर आते हैं, जिससे अनुशासन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से मामले का संज्ञान लेते हुए विद्यालय की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।