

स्थान : सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर आंसरी


सितारगंज कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए स्थानीय व्यापारी विजय कुमार गोयल का गायब मोबाइल फोन मध्य प्रदेश से बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।


जानकारी के अनुसार, नगर के वार्ड नंबर-2 निवासी व्यापारी विजय कुमार गोयल ने 10 फरवरी को अपना मोबाइल फोन गायब होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल सुंदरम शर्मा ने पुलिस टीम को जांच में लगाया।


पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार प्रयासों के जरिए मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। जांच के दौरान 16 मार्च को मोबाइल की लोकेशन मध्य प्रदेश में मिली, जिसके बाद पुलिस ने समन्वय बनाकर कार्रवाई शुरू की।


कोतवाल सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन को बरामद कर लिया और शुक्रवार को कोतवाली परिसर में पीड़ित व्यापारी को सौंप दिया।
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर व्यापारी विजय कुमार गोयल ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की सराहना की।

कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि अब तक चोरी और गुम हुए कुल 25 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।


उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है तथा आगे भी ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से आम जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत होता है।

