काले की ढाल मारपीट प्रकरण में दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश तेज

काले की ढाल मारपीट प्रकरण में दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश तेज

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

बीते दिन काले की ढाल क्षेत्र में हरियाणा से आए पर्यटकों के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की गई थी। शुरुआती साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई, जिसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी खुलासा किया जा सके। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

इस मामले को लेकर एसपी देहात जया बलूनी ने पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि फरार चल रहे अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

एसपी देहात ने यह भी स्पष्ट किया कि पर्यटकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त निगरानी बढ़ाई जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय पर कार्रवाई की जा सके।