श्री मद्महेश्वर धाम के कपाट खुले, उत्सव डोली के साथ पहुंचे भगवान, श्रद्धालुओं में उत्साह

श्री मद्महेश्वर धाम के कपाट खुले, उत्सव डोली के साथ पहुंचे भगवान, श्रद्धालुओं में उत्साह

स्थान : रुद्रप्रयाग
ब्यूरो रिपोर्ट

पंच केदारों में द्वितीय केदार के रूप में विख्यात श्री मद्महेश्वर धाम के कपाट विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।

भगवान श्री मद्महेश्वर जी की उत्सव डोली श्री ओंकारेश्वर मंदिर से पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार यात्रा प्रारंभ कर गोण्डार गांव पहुंची, जहां रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन धाम के लिए प्रस्थान हुआ। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह डोली का स्वागत किया और पूजा-अर्चना की।

प्रातः लगभग 10:45 बजे उत्सव डोली श्री मद्महेश्वर धाम पहुंची, जिसके बाद मंदिर परिसर में कपाटोद्घाटन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान वेदपाठियों द्वारा मंत्रोच्चारण और विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।

लगभग 11 बजे जैसे ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए, पूरा धाम शिवमय वातावरण में बदल गया। इस पावन अवसर पर लगभग 1135 श्रद्धालुओं ने भगवान मद्महेश्वर के प्रथम दर्शन कर आस्था व्यक्त की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

कपाटोद्घाटन के दौरान मंदिर परिसर में विशेष सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का इंतजाम मंदिर समिति और प्रशासन द्वारा किया गया था। यात्रा मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे।

हिमालय की गोद में स्थित श्री मद्महेश्वर धाम अपनी दिव्यता और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विशेष पहचान रखता है। कपाट खुलने के साथ ही अब यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है।

इस अवसर पर मंदिर समिति के सदस्य प्रहलाद पुष्पवान, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, प्रधान गोंडार अनूप पंवार, पूर्व प्रधान भगत सिंह पंवार, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवानंद पंवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।