

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


कुमाऊं: उत्तराखंड को ड्रग्स फ्री देवभूमि बनाने के अभियान के तहत राज्य पुलिस और STF लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) कुमाऊं टीम ने थाना पुलभट्टा क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है।


गुप्त और तकनीकी इनपुट के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को 129 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 38 लाख रुपये बताई जा रही है।


STF के अनुसार, आरोपी की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। उसे स्थानीय पुलिस के सहयोग से पकड़ा गया। इस दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई, जिसका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश मौर्य पुत्र रोशन लाल, निवासी ग्राम चौनडेरा, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह बरेली के कुछ लोगों के संपर्क में था और कम कीमत पर हेरोइन खरीदकर कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की पहचान कर पूरे गिरोह को पकड़ने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें चोरी, आर्म्स एक्ट, मारपीट, दहेज उत्पीड़न और पुलिस मुठभेड़ जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इससे उसके लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की पुष्टि होती है।


इस ऑपरेशन में STF एंटी नारकोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरूप, SI विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं थाना पुलभट्टा पुलिस टीम ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार की नशा तस्करी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एसएसपी STF ने बताया कि मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इसके लिए विशेष टीमें राज्यभर में सक्रिय हैं और नशा तस्करों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने संपर्क के लिए हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 और 9412029536 भी जारी किए हैं, ताकि आम जनता सीधे सूचना देकर इस अभियान में सहयोग कर सके।

