

स्थान : खटीमा
रिपोर्ट : अशोक सरकार


खटीमा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक आपसी विवाद में युवक की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद 16 मई को बिजली का मीटर लगाने को लेकर शुरू हुआ था। मामूली कहासुनी धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसा में बदल गया और एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना ने एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।


हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ उसके द्वारा किए गए कथित अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग उठाई। लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की।


जनता के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। नगर पालिका और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण की पुष्टि होने की बात सामने आई।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह अतिक्रमण सार्वजनिक रास्ते और आसपास के लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा था। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।


इस मामले पर तहसीलदार वीरेंद्र सजवान ने बताया कि जनता की मांग और जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


स्थानीय विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मामूली विवाद में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के घर में मातम का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और मृतक की भांजी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार प्रशासन और सरकार से न्याय की गुहार लगा रहा है, जबकि इलाके में अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।

