

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


सल्ट के तड़म गांव में वन्यजीव हमले में जान गंवाने वाले स्वर्गीय महिपाल सिंह के परिवार के प्रति मुख्यमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।


पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से मृतक की पत्नी श्रीमती दीपा देवी से बातचीत कर दुख साझा किया और परिवार को इस कठिन समय में हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को नियमों के अनुसार सभी सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को आर्थिक और सामाजिक सहारा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि क्षेत्र में मानव–वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और इनके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

वन विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस उपाय किए जाएं।


इस संवेदनशील घटना के बाद प्रशासन और सरकार दोनों स्तरों पर राहत और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

