एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज

एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज

स्थान : अल्मोड़ा 
ब्यूरो रिपोर्ट

शोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। गुरुवार को इस संबंध में कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।

कुलपति ने बताया कि कुलाधिपति के आदेशों के बाद दीक्षांत समारोह आगामी 18 जून को विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि समारोह को भव्य बनाने के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।

कुलपति के अनुसार इस दीक्षांत समारोह को पर्वतीय क्षेत्र की संस्कृति से जोड़ने का भी विशेष प्रयास किया जा रहा है, जिससे उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रमुखता मिल सके।

समारोह में शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और व्यक्तियों को मानक उपाधि प्रदान की जाएगी। इससे मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन मिलेगा।

सतपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि इस अवसर पर कुलाधिपति, केंद्रीय राज्य मंत्री, क्षेत्रीय विधायक सहित कई गणमान्य हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इसे यादगार बनाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं और तैयारियों की समीक्षा भी की जा रही है।