

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


श्यामपुर रेंज में दो बाघों की संदिग्ध मौत के बाद वन विभाग से लेकर शासन स्तर तक हड़कंप मच गया है। हरिद्वार वन प्रभाग की सजनपुर बीट में एक के बाद एक दो बाघों के शव मिलने से वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


घटना की गंभीरता को देखते हुए सुबोध उनियाल स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। वन मंत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।


वन मंत्री ने साफ कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई तो उनके खिलाफ सीधे निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।


प्रारंभिक जांच में बाघों को जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग को संदेह है कि शिकारियों ने सुनियोजित तरीके से बाघों को निशाना बनाया।

जांच के दौरान घटनास्थल से एक मृत भैंस का शव भी बरामद किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि भैंस के शव पर जहरीला पदार्थ डालकर बाघों को जहर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

वन विभाग इस मामले में अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुका है। वहीं तीन अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।


वन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के शिकार में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली और वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

