लोहाघाट में पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी को श्रद्धांजलि, स्वास्थ्य कर्मियों ने रखा दो मिनट का मौन

लोहाघाट में पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी को श्रद्धांजलि, स्वास्थ्य कर्मियों ने रखा दो मिनट का मौन

स्थान : लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

भुवन चंद्र खंडूरी के आकस्मिक निधन पर बुधवार को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में शोक सभा आयोजित की गई। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।

शोक सभा में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय खंडूरी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान अस्पताल परिसर का माहौल भावुक बना रहा और सभी ने उन्हें नम आंखों से याद किया।

कार्यक्रम में लोहाघाट नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा भी शामिल हुईं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने खंडूरी के निधन को प्रदेश के लिए बड़ी क्षति बताया।

चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी एक लोकप्रिय और जनहितैषी नेता थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए, जिन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के सभी स्वास्थ्य कर्मी स्वर्गीय खंडूरी के निधन पर दुख व्यक्त करते हैं और भगवान से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा ने कहा कि खंडूरी उत्तराखंड के सबसे ईमानदार मुख्यमंत्रियों में से एक थे। उन्होंने अपने शासनकाल में प्रदेश के विकास के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए।

वक्ताओं ने कहा कि नौकरियों से इंटरव्यू प्रक्रिया हटाना उनके सबसे बड़े फैसलों में शामिल रहा, जिससे युवाओं को पारदर्शी व्यवस्था का लाभ मिला। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों और युवाओं के विकास के लिए भी उन्होंने कई योजनाएं संचालित कीं।

शोक सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि अपनी ईमानदारी, सादगी और ठोस निर्णयों के कारण स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे। कार्यक्रम में अस्पताल के समस्त स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।