हल्द्वानी में पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी को दी श्रद्धांजलि, शहीद स्मारक पर रखा दो मिनट का मौन

हल्द्वानी में पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी को दी श्रद्धांजलि, शहीद स्मारक पर रखा दो मिनट का मौन

स्थान : हल्द्वानी 
ब्यूरो रिपोर्ट

एकता जनसेवा फाऊंडेशन एवं एंटी करप्शन सेल व राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन के तत्वावधान में हल्द्वानी स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान सभी पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान शहीद स्मारक परिसर का माहौल भावुक बना रहा।

कार्यक्रम हल्द्वानी की मटर गली स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शिवम सिंह ठाकुर ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी का निधन केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए एक युग का अंत है। उन्होंने कहा कि खंडूरी ने अपने कार्यकाल में उत्तराखंड को विकास की नई दिशा देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनकी ईमानदार कार्यशैली, सादगी और जनहित के फैसलों ने उन्हें जनता के बीच एक लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित किया।

सभा को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में खंडूरी ने प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति दी। उन्होंने प्रशासनिक पारदर्शिता और विकास योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड को नई पहचान दिलाने का कार्य किया।

वक्ताओं ने कहा कि खंडूरी का अचानक निधन प्रदेश के लिए बड़ी क्षति है। उनकी कमी को लंबे समय तक महसूस किया जाएगा और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नगर सचिव महिला मोर्चा लक्ष्मी देवी, प्रदेश सचिव जीतू सागर, प्रदेश महामंत्री लक्ष्मी नारायण, प्रदेश मीडिया प्रभारी रोहित दिवाकर, संजय कुमार, राजेश ठाकुर, शशि गुप्ता, जमील कुरैशी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।