

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट


औली इन दिनों पर्यटकों से गुलजार नजर आ रहा है। खुशनुमा मौसम और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। पहाड़ों की ठंडी हवाएं और हरियाली पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रही हैं।


पर्यटन सीजन के चलते रोजाना बड़ी संख्या में डे टूरिस्ट औली पहुंच रहे हैं। गुरुवार को भी करीब 500 पर्यटक यहां घूमने और एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लेने पहुंचे।


पर्यटक औली में हाइकिंग, चेयर लिफ्ट राइडिंग, हॉर्स राइडिंग और अन्य एडवेंचर गतिविधियों का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। बच्चों से लेकर युवाओं तक में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


बुधवार को हालांकि GMVN औली की चेयर लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने से कुछ समय के लिए संचालन बाधित हो गया था। इससे पर्यटकों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया गया कि चेयर लिफ्ट के सेंसर में तकनीकी दिक्कत आने के कारण सेवा कुछ घंटों तक बंद रखनी पड़ी। तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर समस्या का निरीक्षण किया और मरम्मत कार्य शुरू किया।

GMVN औली चेयर लिफ्ट प्रभारी आर०पी० डिमरी ने जानकारी देते हुए बताया कि अत्यधिक लाइटिंग के कारण सेंसर में प्रॉब्लम आ गई थी, जिसे समय रहते ठीक कर लिया गया।


तकनीकी खराबी दूर होने के बाद चेयर लिफ्ट का संचालन दोबारा सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया। इसके बाद पर्यटकों ने राहत की सांस ली और एडवेंचर गतिविधियां फिर सामान्य हो गईं।
चेयर लिफ्ट सेवा बहाल होने के बाद करीब 100 पर्यटकों ने राइड का आनंद उठाया। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

