

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


लालकुआँ क्षेत्र में स्थित सेंचुरी पेपर मिल में कार्य के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में 34 वर्षीय श्रमिक मोहन राम की मौत के बाद मामले में आज मिल परिसर में प्रबंधन और परिजनों के बीच सकारात्मक वार्ता हुई। इस वार्ता में मृतक के परिजनों के साथ स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।


जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता तिवारी नगर प्रथम निवासी मोहन राम ठेकेदारी श्रमिक के रूप में कार्यरत थे। कार्य के दौरान वह अचेत अवस्था में पाए गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल बन गया था। इसी को देखते हुए बुधवार को हुई वार्ता में दोनों पक्षों के बीच मुआवजे और सहायता को लेकर सहमति बनी।

सेंचुरी मिल प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का लिखित आश्वासन दिया है। इसके साथ ही मृतक की पत्नी को स्थायी नियुक्ति देने और पीएफ व ईएसआई जैसी सभी वैधानिक सुविधाओं का लाभ दिए जाने पर भी सहमति बनी है।

वार्ता में मौजूद लोगों के अनुसार, प्रबंधन और परिजनों के बीच हुए इस समझौते के बाद मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी लिखित समझौते पर सहमति जताई, जिससे आगे किसी बड़े विवाद की स्थिति नहीं बनी।

फिलहाल प्रशासन और संबंधित पक्ष पूरे मामले की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।



