

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


रानीखेत स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) सीमांत मुख्यालय में ‘शैक्षिक नेतृत्व यात्रा कार्यक्रम 2026’ के तहत एक शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया, जिसमें 30 छात्र और 3 शिक्षक शामिल हुए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली और राष्ट्र सुरक्षा में उनके योगदान से परिचित कराना था।


मुख्यालय पहुंचने पर एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों और शिक्षकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान छात्रों को बल की कार्यशैली, अनुशासन और सीमावर्ती क्षेत्रों में निभाई जा रही जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।


भ्रमण के दौरान छात्रों ने एसएसबी के गौरवशाली इतिहास को जाना और यह भी समझा कि कैसे यह बल सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में जनकल्याणकारी कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। प्रशिक्षण, ऑपरेशनल गतिविधियों और दैनिक कार्यप्रणाली की जानकारी ने छात्रों को विशेष रूप से प्रभावित किया।


छात्रों ने परिसर में मौजूद विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया और अधिकारियों व जवानों के साथ संवाद भी किया। जवानों की अनुशासनप्रियता, समर्पण और देशभक्ति को देखकर विद्यार्थी काफी प्रेरित नजर आए।

शिक्षक प्रदीप की अगुवाई में आए इस दल ने एसएसबी सीमांत मुख्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अनुभव छात्रों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और जीवनभर याद रहने वाला रहेगा।


अधिकारियों ने भी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें जीवन में अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने इस भ्रमण को अपने जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव बताया।



