

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


कैंची धाम क्षेत्र में लगातार लग रहे भारी जाम को लेकर होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने गंभीर चिंता जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि इस जाम का सीधा असर रानीखेत के पर्यटन और स्थानीय व्यापार पर पड़ रहा है, जिससे होटल व्यवसाय और टैक्सी संचालन पर आर्थिक संकट गहराने लगा है।


एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि कैंची धाम मार्ग पर प्रतिदिन कई-कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते पर्यटक रानीखेत आने से बचने लगे हैं, जिससे स्थानीय कारोबार प्रभावित हो रहा है।

व्यवसायियों का कहना है कि भवाली–रामगढ़ वैकल्पिक मार्ग संकरा और दुर्घटना की दृष्टि से खतरनाक है, जबकि धानाचूली–क्वारब मार्ग लंबा होने के कारण अतिरिक्त दबाव बढ़ाता है। इससे यातायात व्यवस्था और अधिक जटिल हो जाती है।

एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि रानीखेत भतरौंजखान रामनगर मार्ग को चौड़ा और मजबूत किया जाए ताकि कैंची धाम, नैनीताल और जिम कॉर्बेट आने-जाने वाले पर्यटकों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि बेहतर सड़क व्यवस्था से पूरे क्षेत्र के पर्यटन को नया विस्तार मिलेगा।
पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि रानीखेत जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जबकि यहां की अर्थव्यवस्था पूरी तरह पर्यटन पर निर्भर है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो होटल व्यवसायी और पर्यटन से जुड़े लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय, महासचिव गोविंद सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष अंशुल साह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग दोहराई।



