ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में नैनीताल में मेडिकल स्टोर बंद, आंदोलन तेज

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में नैनीताल में मेडिकल स्टोर बंद, आंदोलन तेज

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

नैनीताल जिले में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में दवा विक्रेताओं ने बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) के आह्वान पर 20 मई को एक दिवसीय बंद का असर पूरे जिले में देखने को मिला।

इस बंद के दौरान हल्द्वानी, लालकुआँ, भीमताल और नैनीताल शहर सहित पूरे क्षेत्र में अधिकांश मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद रहे। इससे आम मरीजों को दवाइयों की उपलब्धता में कुछ समय के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।

जिला केमिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजकुमार सेतिया ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे और मध्यम स्तर के मेडिकल स्टोर संचालकों का कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि बिना उचित निगरानी के दवाओं की ऑनलाइन बिक्री मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दवाएं बिना पर्याप्त जांच और नियंत्रण के उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे स्थानीय दवा व्यवसाय कमजोर हो रहा है और पारंपरिक मेडिकल स्टोर संकट में आ गए हैं।

व्यापारियों का यह भी कहना है कि ऑनलाइन दवा कारोबार तेजी से बढ़ने से हजारों फार्मासिस्ट, मेडिकल स्टोर संचालक और दवा कंपनियों से जुड़े कर्मचारियों की नौकरियों पर भी खतरा मंडरा रहा है।

केमिस्ट एसोसिएशन ने जोर देकर कहा कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है और दवाओं की गुणवत्ता व सही वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू करने की मांग दोहराई है।

फिलहाल दवा व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।