

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


Haldwani के भोटियापड़ाव चौकी क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने न सिर्फ चेन बरामद की, बल्कि आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी जब्त किए हैं।


घटना 08 मई 2026 की है, जब वादिनी नीता शाह निवासी तुलसी नगर, पॉलीशीट काठगोदाम ने शिकायत दी थी कि बाइक सवार अज्ञात बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली थी। तहरीर के आधार पर 18 मई 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में FIR दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजुनाथ TC ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी मनोज कात्याल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच में क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी और प्रभारी निरीक्षक विजय सिहं मेहता की टीम ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान आकाश कुमार गौतम के रूप में की।
पुलिस ने 19 मई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पीड़िता से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की अपाचे RR 310 मोटरसाइकिल, एक 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में नई धाराओं की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अवैध हथियार मिलने पर अलग से आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एक अन्य FIR भी दर्ज की गई है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आकाश कुमार गौतम बरेली का रहने वाला एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह पहले भी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो चुका है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की आपराधिक गतिविधियों की पूरी जांच की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

