

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र से सामने आई एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर सुलझा ली है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।


17 मई को बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से पुलिस ने इसे प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला माना। मौके पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गृह मंत्रालय के NETGRID पोर्टल की मदद ली। मृतक की तस्वीर पोर्टल पर अपलोड किए जाने के बाद उसकी पहचान सहारनपुर निवासी 23 वर्षीय कलीम के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश तक टीम भेजकर जांच तेज कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे करीब 120 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक काली क्रेटा कार संदिग्ध दिखाई दी। इसी सुराग के आधार पर सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस होटल धरोहर तक पहुंची और पूरे मामले की परतें खुलने लगीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कलीम और उसका भाई कामिल काम की तलाश में भगवानपुर आए थे। रात के समय दोनों होटल धरोहर में खाना खाने पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर होटल में मौजूद कुछ लोगों से विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर होटल में मौजूद युवकों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कामिल किसी तरह मौके से भाग निकला, लेकिन कलीम को आरोपियों ने बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।


हत्या के बाद आरोपियों ने शव को क्रेटा कार की डिग्गी में रखकर लव्वा गांव के नदी किनारे फेंक दिया। पुलिस ने मामले में सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष, अनमोल सैनी और विशाल सैनी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल डंडे, मृतक का मोबाइल फोन और क्रेटा कार भी बरामद कर ली है। एसपी देहात Shekhar Chand Suyal ने बताया कि NETGRID और CCTV फुटेज की मदद से यह केस तेजी से सुलझाया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

