

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले में ऑनलाइन दवा व्यापार और कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट के विरोध में दवा व्यापारियों ने बड़ा कदम उठाते हुए सभी मेडिकल स्टोर बंद रखे। इस बंद के कारण दिनभर मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


लोहाघाट क्षेत्र में केमिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में दवा व्यापारियों ने रामलीला मैदान लोहाघाटमें एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ नारेबाजी की और इसे छोटे व्यापारियों के लिए नुकसानदायक बताया।


प्रदर्शन के दौरान केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष हेम पुनेठा और जिला महामंत्री चंद्रशेखर उप्रेती ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉर्पोरेट डिस्काउंट नीति से स्थानीय मेडिकल स्टोरों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से इस व्यवस्था को बंद करने की मांग की।

व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी हड़ताल का उद्देश्य जनता को परेशान करना नहीं है, बल्कि अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने यह भी बताया कि आपातकालीन स्थिति में कुछ चुनिंदा मेडिकल स्टोरों से दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और इसके लिए अस्पताल प्रशासन को आवश्यक संपर्क नंबर भी दिए गए हैं।

इस बीच लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक विराज राठी ने बताया कि हड़ताल को देखते हुए अस्पताल में पर्याप्त तैयारी की गई है। जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और जन औषधि केंद्र भी लगातार संचालित है, जिससे मरीजों को दिक्कत न हो।

उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी मरीज को दवा की कमी नहीं होने दी जाएगी। वहीं मरीजों को सलाह दी गई है कि वे आवश्यक दवाओं के लिए अस्पताल और अधिकृत केंद्रों का ही उपयोग करें।


हड़ताल के बाद कार्यक्रम के अंत में सभी दवा विक्रेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा। इस दौरान माहौल गंभीर और भावुक हो गया।

