हरिद्वार में गंगा में चिकन बिरयानी फेंकने का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

हरिद्वार में गंगा में चिकन बिरयानी फेंकने का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

धर्मनगरी हरिद्वार से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक मां गंगा में चिकन बिरयानी से भरा ड्रम डालते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस कृत्य को आस्था के साथ खिलवाड़ बताया है।

हरिद्वार देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर अपनी धार्मिक यात्रा की शुरुआत करते हैं। खासतौर पर चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हर की पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर स्नान कर पूजा-अर्चना करते हैं।

वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि गंगा नदी में इस तरह खाद्य सामग्री और मांसाहारी वस्तुएं डालना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कार्य है। कई संगठनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर एक समाजसेवी द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और गंगा की पवित्रता भंग करने का प्रयास किया गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और स्थान की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि गंगा केवल नदी नहीं बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक है। ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाने चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।

फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो को बिना पुष्टि के भड़काऊ तरीके से साझा न करें और शांति बनाए रखें।