पंचेश्वर महादेव मंदिर में श्री राम कथा गंगा प्रवाह जारी, उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

पंचेश्वर महादेव मंदिर में श्री राम कथा गंगा प्रवाह जारी, उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

स्थान : रानीखेत
ब्यरो रिपोर्ट

ज्येष्ठ अधिक पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर पंचेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्री राम कथा गंगा प्रवाह का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ जारी है। धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं।

कथा का वाचन फरीदपुर बरेली से पहुंचे प्रसिद्ध रामायणी बृजेश पाठक द्वारा किया जा रहा है। वे अपने मधुर वाचन और सरल शैली में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहे हैं।

इस धार्मिक आयोजन का संचालन शिव मंदिर धर्मशाला समिति तथा महिला सत्संग समिति द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। मंदिर परिसर को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

कथा सुनने के लिए प्रतिदिन स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। कथा के दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष और भक्ति रस से सराबोर दिखाई दे रहा है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष कैलाश पांडे और सामाजिक कार्यकर्ता दीपक खंडेलवाल ने बताया कि कथा प्रतिदिन सायंकाल आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।

समिति पदाधिकारियों के अनुसार राम कथा का आयोजन आगामी 23 मई तक मंदिर परिसर में जारी रहेगा। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।