

स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट


हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक ब्लड टेस्टिंग लैब में युवती के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।


आरोप है कि लैब में कार्यरत मोहम्मद अकरम को लोगों ने एक युवती के साथ आपत्तिजनक हरकत करते हुए पकड़ लिया। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोग और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।


घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। इस दौरान मौके पर जमकर हंगामा हुआ और आरोपी के साथ मारपीट भी की गई। स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अकरम को हिरासत में लेकर भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लैब में मौजूद अन्य कर्मचारियों तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

