उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पूर्व सीएम बीसी खंडूरी के निधन पर जताया शोक

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पूर्व सीएम बीसी खंडूरी के निधन पर जताया शोक

ब्यरो रिपोर्ट

भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सेवानिवृत्त मेजर जनरल Bभुवन चंद्र खण्डूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठा वाले राजनेता को खो दिया है।

उपराष्ट्रपति ने अपने शोक संदेश में कहा कि मेजर जनरल बीसी खंडूरी का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और ईमानदारी का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। सेना से लेकर राजनीति तक उन्होंने हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया।

उन्होंने कहा कि देश के विकास और जनहित के कार्यों में खंडूरी का योगदान हमेशा मील के पत्थर के रूप में याद किया जाएगा। सार्वजनिक जीवन में उनकी साफ छवि और पारदर्शी कार्यशैली ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि उत्तराखंड के विकास और सुशासन को मजबूत बनाने में खंडूरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में कई दूरदर्शी फैसले लिए गए, जिनका लाभ आज भी प्रदेश को मिल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि मेजर जनरल खंडूरी ने राजनीति में उच्च आदर्श स्थापित किए और अपने पूरे जीवन में ईमानदारी तथा सादगी को प्राथमिकता दी। यही कारण है कि वे जनता के बीच बेहद सम्मानित नेता के रूप में पहचाने जाते रहे।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश परिवार के साथ खड़ा है।

पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी के निधन पर देशभर के राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से लगातार शोक संदेश सामने आ रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।