

स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट


हरिद्वार जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर लगातार दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम सहरावत पुत्र पवन कुमार निवासी सैनिक विहार कॉलोनी, कर्नल इकलेव रोड, रुड़की के रूप में हुई है। आरोपी के पास से बरामद मोटरसाइकिलों में दो बाइक कोतवाली नगर हरिद्वार क्षेत्र तथा एक बाइक कोतवाली मंगलौर क्षेत्र से चोरी की गई थी।


जानकारी के मुताबिक सहारनपुर निवासी विजय कुमार ने अपनी स्प्लेंडर बाइक चोरी होने की शिकायत कोतवाली मंगलौर में दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक मंगलौर द्वारा विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP11AE-1409 सहित कुल तीन चोरी की बाइक बरामद की हैं। बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं और उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।


इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक वाजिन्द्र नेगी, कांस्टेबल मनीष और कांस्टेबल आमिर शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और लगातार प्रयासों की सराहना की है।

