

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट


छत्तीसगढ़ प्रवास से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे स्वर्गीय भुवन चंद्र खण्डूरी के आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन और राजनीति में भी उच्च आदर्श स्थापित किए।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार देने में स्वर्गीय खंडूरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्यहित में कई दूरदर्शी फैसले लिए, जिनका लाभ अब भी प्रदेशवासियों को मिल रहा है।


उन्होंने कहा कि स्वर्गीय खंडूरी को एक सख्त लेकिन ईमानदार प्रशासक के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उनका राजनीतिक और सामाजिक जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय खंडूरी की पुत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षति केवल खंडूरी परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश की अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में एक बड़ा शून्य पैदा हुआ है।


अंत में मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार और समर्थकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

