

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट


भीषण गर्मी के बीच देहरादून के करनपुर क्षेत्र में लापरवाही से लगाई गई आग बड़ा हादसा बनते-बनते टल गई। लक्ष्मण भारती विद्यालय के पास स्थित एक मकान के बाहर सूखे पत्तों में लगाई गई आग अचानक भड़क उठी और देखते ही देखते पेड़ तक पहुंच गई।


जानकारी के अनुसार मकान के केयरटेकर ने पेड़ के नीचे पड़े सूखे पत्तों को जलाने के लिए आग लगाई थी। तेज गर्मी और सूखे वातावरण के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।


आग की लपटों ने पास खड़े पेड़ को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पेड़ का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। धुआं और आग की लपटें उठने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलने पर डालनवाला क्षेत्र की चीता पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने तक स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था और आग पूरी तरह बुझ चुकी थी।
घटना के दौरान आसपास स्थित मकानों में भी आग फैलने का खतरा बना रहा। स्थानीय लोगों ने समय रहते सतर्कता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित करने में सहयोग किया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

स्थानीय नागरिकों ने गर्मी के मौसम में इस तरह खुले में आग जलाने पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।


पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के दौरान सूखे पत्तों, कूड़े या अन्य ज्वलनशील पदार्थों में आग लगाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति की तुरंत सूचना प्रशासन को दें।

