हल्द्वानी में पुलिसकर्मी को टक्कर मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, बुलेट बाइक सीज

हल्द्वानी में पुलिसकर्मी को टक्कर मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, बुलेट बाइक सीज

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में हल्द्वानी में पुलिस चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK04Z4055 के चालक ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए भागने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला करते हुए कांस्टेबल ललित नाथ को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को मौके पर ही पकड़ लिया।

घायल कांस्टेबल ललित नाथ की तहरीर के आधार पर थाना हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 167/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(2) और 132 के तहत अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुलेमान पुत्र अब्दुल रऊफ निवासी वार्ड नंबर-14, सफदर का बगीचा, थाना बनभूलपुरा, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 22 वर्ष बताई जा रही है और वह एसी रिपेयरिंग का कार्य करता है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। वाहन को संबंधित अभियोग के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है।

मंगलवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे उप कारागार हल्द्वानी भेजने के आदेश दिए गए। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस पर हमला करने, कानून हाथ में लेने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।