कोली ढेक झील के गेटों की मरम्मत शुरू, लोहावती नदी का जलस्तर बढ़ा

कोली ढेक झील के गेटों की मरम्मत शुरू, लोहावती नदी का जलस्तर बढ़ा

स्थान : लोहाघाट(चंपावत)
ब्यरो रिपोर्ट

चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कोली ढेक झील के गेटों की मरम्मत कार्य के चलते मंगलवार को झील के गेट खोले गए। गेट खुलने से झील का पानी छोड़ा गया, जिसके कारण लोहावती नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

जलस्तर बढ़ने के चलते प्रशासन और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सुरक्षा की दृष्टि से नौका संचालकों ने भी बुधवार झील में नौका संचालन पूरी तरह बंद रखा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।

कोली ढेक झील की देखरेख का जिम्मा सिंचाई विभाग लोहाघाट के पास है। विभाग की ओर से अधिशासी अभियंता आर.डी. भट्ट की निगरानी में रुड़की से आई विशेषज्ञों की टीम द्वारा झील के गेटों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।

अधिशासी अभियंता आर.डी. भट्ट ने बताया कि मानसून से पहले प्रत्येक वर्ष झील के गेटों की मरम्मत और परीक्षण कराया जाता है, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।

उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले प्रशासन को इसकी सूचना दे दी गई थी तथा आसपास के ग्रामीणों को भी अलर्ट किया गया था। विभाग की टीम ने पूरे दिन गेटों की तकनीकी जांच और आवश्यक सुधार कार्य किए।

भट्ट ने बताया कि मंगलवार को गेटों की मरम्मत का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया और सभी गेटों की टेस्टिंग भी की गई। परीक्षण के दौरान गेट पूरी तरह सुचारू पाए गए।

उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य का मुख्य उद्देश्य मानसून सत्र के दौरान झील के बढ़ते जलस्तर की स्थिति में पानी की निकासी को सुचारू बनाए रखना है, ताकि किसी प्रकार की आपदा की संभावना से बचा जा सके।