महंगाई और नीट पेपर लीक मामले पर कालसी में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन

महंगाई और नीट पेपर लीक मामले पर कालसी में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन

स्थान : देहरादून 
ब्यरो रिपोर्ट

देश में बढ़ती महंगाई और नीट पेपर लीक मामले को लेकर विरोध की आवाज अब पहाड़ी क्षेत्रों में भी तेज होने लगी है। चकराता विधानसभा के कालसी में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल साबित हो रही है।

यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन करते हुए जनविरोधी नीतियों का विरोध किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य दीवान सिंह तोमर ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों से लेकर ईंधन तक की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों का विश्वास लगातार टूट रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में गंभीर नजर नहीं आ रही है।

दीवान सिंह तोमर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

फिलहाल कालसी में हुए इस प्रदर्शन ने सरकार के खिलाफ बढ़ते जनआक्रोश को उजागर कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में राजनीतिक माहौल भी गर्म दिखाई दिया और कार्यकर्ताओं ने आम जनता से आंदोलन में सहयोग की अपील की।