चंपावत में मेधावी छात्र सम्मान समारोह, 11 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं सम्मानित

चंपावत में मेधावी छात्र सम्मान समारोह, 11 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं सम्मानित

स्थान : चंपावत
ब्यरो रिपोर्ट

चंपावत के लडवाल स्टेट में लडवाल फाउंडेशन और स्वात्थान की ओर से स्व. दीवान सिंह लडवाल मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश एवं जिला मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव तथा विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, सीईओ मान सिंह और चेयरमैन नरेंद्र सिंह लडवाल ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर हाईस्कूल मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली हिमानी उप्रेती को 31 हजार रुपये, संगीता भट्ट और पवन सिंह को 21-21 हजार रुपये, जलज ओली को 11 हजार रुपये तथा नरेंद्र कुमार को 2500 रुपये की राशि प्रदान की गई।

वहीं इंटरमीडिएट मेरिट सूची में यश अवस्थी को 51 हजार रुपये, रिया चौबे को 31 हजार रुपये, सांची जोशी और मयंक जोशी को 21-21 हजार रुपये तथा हंसा भट्ट और हेमा नायक को 2500-2500 रुपये सहित प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कुल 11 छात्र-छात्राओं को इस अवसर पर सम्मान मिला।

फाउंडेशन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह लडवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम वर्ष 2015-16 से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे आगे बढ़कर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के भविष्य के लिए अत्यंत प्रेरणादायक होते हैं और उन्हें निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर अन्य अतिथियों ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. बीसी जोशी ने किया।