

स्थान : ज्योतिर्मठ
ब्यरो रिपोर्ट


सीमांत नगर ज्योतिर्मठ बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदल ली। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई ओलावृष्टि ने कुछ ही देर में नगर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


नगर के 9 वार्डों में हुई तेज ओलावृष्टि से किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। सेब, बींस, टमाटर, ककड़ी सहित अन्य सब्जियों और बागानों को ओलों ने बुरी तरह प्रभावित किया है, जिससे काश्तकारों की चिंता बढ़ गई है।


अचानक हुई इस ओलावृष्टि के कारण कुछ समय के लिए सामान्य जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए और बाजारों में भी सन्नाटा पसर गया।

इसी दौरान औली नाले में भी पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया और नाले के उफान पर आने से निचले इलाकों में स्थिति बिगड़ गई। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मारवाड़ी तक के कई मोहल्लों में नाले के अवरुद्ध होने से पानी घरों में घुस गया, जिससे लोगों को घरेलू सामान बचाने में मशक्कत करनी पड़ी। कई घरों में पानी भरने से नुकसान की भी आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, कुछ देर बाद जैसे ही ओलावृष्टि और तेज हवाओं का असर कम हुआ, स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी। इसके बाद नगरवासियों ने राहत की सांस ली, लेकिन नुकसान का आकलन अभी जारी है।


स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराने की बात कही जा रही है, ताकि किसानों और प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सके और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

