

भोपाल में हुई ट्विशा की संदिग्ध मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शादी के महज पांच महीने बाद ट्विशा की लाश ससुराल में फंदे से लटकी मिली। मामले में पति फरार है, जबकि पूर्व जज रह चुकी सास को अग्रिम जमानत मिल चुकी है। अब यह मामला आत्महत्या, हत्या और मानसिक प्रताड़ना के आरोपों के बीच उलझता जा रहा है।



ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। वह मॉडलिंग और साउथ इंडियन फिल्मों में काम कर चुकी थीं। एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए उनकी मुलाकात भोपाल निवासी क्रिमिनल लॉयर समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति से धूमधाम से शादी हुई, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद रिश्तों में तनाव की बातें सामने आने लगीं।


ट्विशा के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार के अनुसार 12 मई की रात भी ट्विशा ने फोन कर रोते हुए बताया था कि पति और सास पिछले कई दिनों से उसे मानसिक तौर पर परेशान कर रहे हैं और वह अब ससुराल छोड़ना चाहती है।

परिजनों के मुताबिक रात करीब 10 बजकर 5 मिनट पर ट्विशा ने अपनी मां को आखिरी कॉल किया था। लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी सास गिरिबाला सिंह का फोन आया कि ट्विशा फंदे से लटकी मिली है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। बाद में अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फुटेज में ट्विशा हाथ में रस्सीनुमा चीज लेकर छत की ओर जाती दिखाई देती है। बाद में उसका पति समर्थ सिंह उसे सीपीआर देता नजर आता है, जबकि पूर्व जज सास का व्यवहार भी जांच के घेरे में है। फुटेज में समय और तारीख गलत बताई जा रही है, जिससे जांच और जटिल हो गई है।
ट्विशा के परिवार का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने की बात भी सामने आई है, जिससे परिवार के आरोपों को बल मिला है। परिवार अब दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहा है और इसी वजह से शव का अंतिम संस्कार अब तक नहीं किया गया है।

मामले में “फंदे वाली बेल्ट” भी जांच का अहम हिस्सा बन गई है। ससुराल पक्ष का कहना है कि ट्विशा ने एक्सरसाइज बेल्ट से फंदा लगाया था। हालांकि आरोप लगे कि पुलिस ने शुरू में उस बेल्ट को फॉरेंसिक जांच के लिए नहीं भेजा। बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि बेल्ट जब्त कर ली गई है और उसकी जांच कराई जा रही है।


ट्विशा की सास, जो पूर्व जज रह चुकी हैं और वर्तमान में उपभोक्ता फोरम से जुड़ी हैं, ने अदालत में दायर अग्रिम जमानत याचिका में ट्विशा को ड्रग एडिक्ट बताया है। वहीं ट्विशा के परिवार ने इन आरोपों को चरित्रहनन की कोशिश करार दिया है।
फिलहाल पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट व डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

