

स्थान : खटीमा
ब्यरो रिपोर्ट


खटीमा में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सोमवार देर रात बाजार चौकी से कुछ ही दूरी पर चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।


जानकारी के अनुसार चोरों ने मेलाघाट रोड स्थित पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर की मोबाइल कम्युनिकेशन दुकान में सेंध लगाई। बताया जा रहा है कि चोर दुकान के पीछे लगे विद्युत विभाग के वायरलेस टावर के सहारे छत पर पहुंचे और जीने की ममटी के दरवाजे की कुंडी काटकर अंदर घुस गए।


दुकान में घुसने के बाद चोरों ने गल्ले में रखी करीब सात लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना का पता चलने पर दुकान स्वामी के होश उड़ गए और आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।


इसी रोड पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां चोर पीछे की दीवार काटकर दुकान के अंदर दाखिल हुए और वहां रखी नकदी लेकर फरार हो गए।

वहीं पास में स्थित किशन लाल जनरल स्टोर की दूसरी मंजिल की छत काटकर भी चोर दुकान में घुसे और गल्ले से नकदी चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि इसी दुकान में 17 दिसंबर को भी चोरी की वारदात हो चुकी है।


एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी होने से व्यापारियों में भारी रोष फैल गया। सूचना मिलने पर एसएसआई सी. आर्य, दरोगा अनुराग सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।



पुलिस ने तीनों दुकानों की जांच कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं चोरी की वारदातों के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि रविवार देर रात भी एसडीओ वन विभाग कार्यालय में चोरी की घटना सामने आई थी। पुलिस अभी उस मामले की जांच कर ही रही थी कि सोमवार रात फिर तीन नई चोरी की घटनाएं हो गईं। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में कोई सक्रिय गिरोह लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है।
पूर्व व्यापार मंडल महामंत्री तरुण ठाकुर ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित रह गई है, जबकि शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

