उत्तराखंड में बढ़ेगी गर्मी, मैदानी इलाकों में हीट का असर तेज

उत्तराखंड में बढ़ेगी गर्मी, मैदानी इलाकों में हीट का असर तेज

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में इस सप्ताह गर्मी लोगों को काफी परेशान कर सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि खासतौर पर मैदानी इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर अधिक देखने को मिलेगा। दिन के समय लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। दोपहर के समय लू जैसे हालात भी बन सकते हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हालांकि पहाड़ी जिलों में मौसम कुछ राहत दे सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 20 तारीख के बाद अगले दो से तीन दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है।

बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि मौसम विभाग ने अचानक मौसम बदलने पर सतर्क रहने की भी सलाह दी है।

वहीं बढ़ती गर्मी के कारण जंगलों में आग लगने की घटनाओं को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। वन विभाग के अनुसार तेज गर्मी और सूखे मौसम के चलते जंगलों में आग फैलने का खतरा अधिक बना हुआ है।

प्रशासन और वन विभाग को इस सप्ताह विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई के लिए टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।