

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट


सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में संविदा श्रमिकों की वेतन बढ़ोतरी को लेकर चल रहा विवाद प्रशासन और श्रम विभाग की पहल के बाद सुलझ गया है। अधिकारियों और श्रमिकों के बीच हुई वार्ता के बाद क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है।


जानकारी के अनुसार, करीब 25 औद्योगिक प्रतिष्ठानों के श्रमिक वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। श्रमिकों के बीच वेतन और महंगाई भत्ते को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी, जिसके चलते विरोध प्रदर्शन तेज हो गया था।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर प्रशासन और श्रम विभाग सक्रिय हुआ। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के साथ सौहार्दपूर्ण वार्ता कर विवाद को शांत कराने का प्रयास किया।


सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने बताया कि श्रमिकों के बीच फैली अफवाहों को दूर करते हुए राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन और परिवर्तनीय महंगाई भत्ते की सही जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि श्रमिकों को जागरूक करने के लिए प्रेस नोट और वीडियो फुटेज भी जारी किए गए, ताकि किसी प्रकार की गलतफहमी न फैले और श्रमिकों को सही जानकारी मिल सके।

प्रशासन और श्रम विभाग की पहल के बाद श्रमिकों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच सहमति बन गई, जिसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।


सहायक श्रम आयुक्त ने कहा कि वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। कहीं भी कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हो रहा है और सभी औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।
प्रशासन ने श्रमिकों और उद्योग प्रबंधन से आपसी संवाद बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकालने की अपील की है।

