

स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट


उत्तराखंड क्रान्ति दल द्वारा पौड़ी जनपद के सतपुली चौबट्टाखाल में आयोजित सदस्यता अभियान कार्यक्रम में भारी जनसमर्थन देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।


कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के गढ़वाल मंडल प्रभारी दिगमोहन नेगी के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने उत्तराखंड की अस्मिता, स्वाभिमान और क्षेत्रीय हितों की रक्षा का संकल्प लेते हुए यूकेडी का दामन थामा।


सदस्यता अभियान के दौरान वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब अपने हक और अधिकारों की लड़ाई के लिए क्षेत्रीय दलों की ओर तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के मूल मुद्दों को केवल क्षेत्रीय दल ही मजबूती से उठा सकते हैं।


कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को उत्तराखंड क्रान्ति दल के बढ़ते जनाधार के रूप में देखा जा रहा है। नेताओं ने दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी प्रदेश में और अधिक मजबूत भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि पार्टी लगातार गांव-गांव जाकर लोगों को जोड़ने का काम कर रही है और उत्तराखंड के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।


कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की केंद्रीय अध्यक्ष मेजर संतोष भंडारी, सैनिक प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह पुंडीर, केंद्रीय उपाध्यक्ष संगठन सुनील कोटनाला और केंद्रीय महामंत्री संगठन गणेश काला सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



इसके अलावा केंद्रीय प्रवक्ता एवं उपाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट, केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी, जिला प्रभारी समीर मुंडेपी, पौड़ी जिलाध्यक्ष अर्जुन नेगी और सतपुली नगर अध्यक्ष अनुराग बौठीयाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष संतोष डोभाल समेत पौड़ी जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय मुद्दों और जनसमस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

