

स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट


नैनीताल जिले के भीमताल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम सभा गलनी के जामनी गांव में लंबे समय से चली आ रही मोटर मार्ग की मांग आखिरकार पूरी हो गई। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मोटर मार्ग का लोकार्पण किया।


ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से सड़क सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। इससे दैनिक जीवन के साथ खेती और व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा था।


क्षेत्र के किसान अपने खेतों में उगाए गए उत्पाद को मंडी तक पहुंचाने में भारी परेशानियों का सामना कर रहे थे। परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण किसानों की कमाई का बड़ा हिस्सा किराया और ढुलाई में खर्च हो जाता था।


ग्रामीणों ने कई बार मंत्री राम सिंह कैड़ा से सड़क निर्माण की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने मोटर मार्ग निर्माण के निर्देश दिए, जिसके बाद सड़क निर्माण कार्य पूरा कराया गया।

मोटर मार्ग का निर्माण पूरा होने पर गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला। लोकार्पण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।


इस दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पतलोट, अधोडा, डुंगरी, अमजड़, झड़गांव और लुगड़ क्षेत्रों का भी दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए।



मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में प्रधान राजेंद्र बर्गली, संजय ऐड़ी, गोपाल बर्गली, नारायण बर्गली, दीपक मेहता, डुगर ढोलगाई, राजीव कुमार, पूनम प्रिया, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

