

स्थान :हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट


उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने हरिद्वार जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अव्यवस्थाएं मिलने पर मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।


अचानक हुए निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन, डॉक्टरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरवी सिंह मौके पर मौजूद नहीं मिले, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जाहिर की। बाद में अस्पताल पहुंचने पर मंत्री ने सीएमएस को कड़ी फटकार लगाते हुए जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने की हिदायत दी।


अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। कई स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्था देखकर स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से जवाब तलब किया, लेकिन अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।

मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया और मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने भी अस्पताल की सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं।


निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और अस्पताल प्रशासन के कर्मचारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी।
स्वास्थ्य मंत्री के सख्त रुख के बाद अस्पताल प्रशासन में हलचल तेज हो गई है और व्यवस्थाओं को सुधारने की कवायद शुरू कर दी गई है।

