

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट


धर्मनगरी हरिद्वार में बकरीद को लेकर सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। वीडियो में एक युवक गोवंश को लेकर विवादित टिप्पणी करता दिखाई दे रहा है, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।


वायरल वीडियो में युवक बकरीद के मौके पर गाय काटने जैसी भड़काऊ बात करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली और पुलिस से कार्रवाई की मांग उठने लगी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद मामले को शांत करने का प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान जीशान पुत्र अब्दुल करीम निवासी घोसियान मोहल्ला, ज्वालापुर के रूप में हुई है। युवक से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने बयान पर खेद जताते हुए माफी मांगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने या माहौल खराब करने वाली किसी भी टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया गतिविधियों की भी मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति पैदा न हो।


एसएसपी हरिद्वार ने कहा कि धर्मनगरी की शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को कानून का सीधा सामना करना पड़ेगा। पुलिस सभी समुदायों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता तथा उसके प्रसार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

