

स्थान : लालकुआँ
ब्यरो रिपोर्ट


लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखत्ता स्थित तिवारी नगर चित्रकूट में रविवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बेखौफ चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।


मिली जानकारी के अनुसार तिवारी नगर चित्रकूट नंबर-14 निवासी खड़क सिंह कोठारी मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। उनके घर पर पत्नी चंद्रा कोठारी अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे चंद्रा कोठारी बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर घोड़ानाला स्थित अपने ससुराल चली गई थीं।


इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाया और घर के पीछे लगे लोहे के दरवाजे को तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने आराम से पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी का ताला तोड़ दिया। अलमारी में रखे करीब साढ़े 11 तोला सोने के जेवरात और 35 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली गई।


बताया जा रहा है कि चोरी किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

शाम करीब 4 बजे जब चंद्रा कोठारी वापस घर पहुंचीं तो घर के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे कीमती जेवरात गायब थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घर से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

सीओ अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस और एसओजी टीम को सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

