ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला

ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला

स्थान :ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

ऋषिकेश स्थित योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास सोमवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। उज्जैनी एक्सप्रेस ट्रेन के कुछ डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि ट्रेन पूरी तरह खाली थी, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा योग नगरी रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर खांड गांव के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेन की सटिंग प्रक्रिया चल रही थी, तभी अचानक तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, इंजीनियर और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। देर रात तक ट्रैक और डिब्बों की मरम्मत का कार्य जारी रहा।

जीआरपी एसपी अरुणा भारती ने बताया कि योग नगरी रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली उज्जैनी एक्सप्रेस ट्रेन खाली थी। इसी कारण बड़ा हादसा टल गया और किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा।

उन्होंने बताया कि ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतरे हैं, जिनमें से एक डिब्बा ज्यादा क्षतिग्रस्त हुआ है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और तकनीकी पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। कोतवाली पुलिस ने रेलवे अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और आसपास लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि हादसे के बावजूद फिलहाल किसी भी रेल सेवा पर असर नहीं पड़ा है। ट्रैक को जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि संचालन सुचारु बना रहे।

फिलहाल रेलवे विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।